Header Ads Widget

Ticker

10/recent/ticker-posts

10 बातें जो टीवी ऐड के अलावा दुनिया के किसी कोने में नहीं नज़र आतीं!

टीवी विज्ञापनों से जो ज्ञान हमें मिलता है. वो कहीं और नहीं मिल सकता वो अलग ही दुनिया है. वहां होने वाली चीजें वहीं बस हो सकती हैं. दुनिया के किसी और कोने में हमें वो चीजें मिलने से रहीं जो टीवी स्क्रीन पर होती हैं.

1. लडकियां तब तक कुंठित और पिछड़ी रहती हैं जब तक उनकी सहेली या दीदी फेयरनेस क्रीम या खून साफ करने वाली टॉनिक न सुझा दें. जिस दिन उन्होंने चेहरे पर क्रीम मल ली या टॉनिक पी ली. उसके बाद वो बिहार बोर्ड में भी बिना नकल टॉप कर लेंगी. रस्सी कूदने हर सुबह अंतरिक्ष चली जाया करेंगी. जब तक वो ‘गोरी’ नहीं होंगी. न उनका कॉन्फिडेंस बढेगा. न उनकी पढ़ाई लिखाई का कोई मतलब रहेगा. अगर आपको ये समझ नहीं आता कि वो Resist नहीं Racist है. तो ये कैसे समझ आएगा कि ऐड Racist है?

2. टीवी के विज्ञापनों के हिसाब से चॉकलेट खाने के लिए नहीं होती. आप चॉकलेट से नहा सकते हैं. हाथ में पोत सकते हैं. उसका शॉवर ले सकते हैं. मुंह पर चुपड़ सकते हैं. बायो डीजल जैसा कुछ बनाकर मोटरसाइकल चला सकते हैं. अठन्नी के बदले खुल्ले के तौर पर चला सकते हैं. तारकोल के साथ मिलाकर उससे रोड बना सकते हैं. कागज के साथ मिलाकर पेपरमैशे बना सकते हैं. मस्टर्ड गैस में चॉकलेट फ्लेवर देकर केमिकल हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं. सिर्फ खाते नहीं दिख सकते. ऐसे विज्ञापन के अनुसार आपका चॉकलेट खाना तब तक पूरा नही माना जाएगा जब तक आप बीसों उंगलियों और सारे मुखमंडल पर चुपड़ न लें. 

3. देशभक्ति और अच्छे नागरिक सिर्फ चाय और देश का नमक खाकर ही बन सकते हैं. वो भी एक पर्टिकुलर ब्रांड का नमक खाकर. इन देशभक्तों के आगे फेसबुक पर हर किसी को पाकिस्तान भेजते देशभक्त भी चाय कम पानी हैं. किसी में कितना सिविक सेंस है. वो अंत में इसी बात से तय होगा कि वो खुली केतली में कौन सी चाय पत्ती घोल रहा है. 

4. इंसान में सिर्फ एक फोन कॉल करने की कुव्वत होनी चाहिए. नौकरी,शादी और घर बार तो धनवर्षा यंत्र आने के बाद अपने से बन जाएंगे. धनवर्षा यंत्र लगाकर देखिए तो अकाउंट में 15 लाख भी बरस सकते हैं.

5. आम,पान, केला,स्ट्राबेरी और अंगूर अब सिर्फ टॉफियों के फ्लेवर नही रह गए.

6. आपकी शक्ल भले अधकटे कद्दू जैसी हो लेकिन डियो छिड़कते ही दुनिया जहान की सारी युवतियां कूकते हुए आप तक आ पहुंचेंगी. वजह बॉडी शेमिंग से निजात दिलानी नहीं होगी. वजह ये भी नहीं कि वो आदमी को शक्ल देखकर जज नहीं करतीं, वजह डियो में मौजूद चुंबकीय गुण हैं. भले असल ज़िन्दगी में डियो छिड़कने पर सिर्फ छींक आती हो. बेन ने भी नाक बंद कर ली थी ताकि बैटमैन का डियो उसे न सूंघना पड़ जाए.

7. गाड़ियों के ऐड के हिसाब से भारत में चलने लायक सड़कें नहीं हैं. इंडिया में महंगी गाड़ियां सिर्फ पहाड़ों और नदियों में चलने को होती हैं. हिम मानव और मछलियां शायद हाइवे पर रहते हैं. अगर आप नई SUV लेकर सीधी-सपाट रोड पर चल दिए तो ये गाड़ी की बेइज्जती होगी.

8. कोल्ड ड्रिंक्स दुनिया की सबसे दुर्लभ वस्तु है. जिसका हमेशा फूंका ही पड़ा रहता है. जाने वो कौन से किराने वाले हैं, जो कांच वाली बोतल भी तोड़ने-फोड़ने को ऐसे ही दे देते हैं. कोल्ड ड्रिंक्स के ढक्कन के पीछे आज तक जितने इनाम निकले हैं उतने तो कभी वारेन बफेट ने पैसे न कमाए होंगे.

9. दुनिया के सारे अमीर-रईस अपनी मेहनत से नही पान मसाला खाकर बने हैं. बड़े से बड़ी संगीतकार जब परफॉर्म कर लौटती है, तो कार के काले शीशे में छुपकर पान मसाला खाती है.

10. इन सब विज्ञापनों से आप बहुत कुछ सीख सकते हैं. बशर्ते पहले आप एक ही तरीके से बने विज्ञापनों में ये अंतर पता कर पाएं कि इनमें से कौन सा मिल्क शेक, डियो, जीन्स, अंडरवियर या कॉन्डम का है. Source: lallantop

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ